रपटा में बहते पानी में बहे पशुपालक का शव 20 घण्टे बाद बरामद,, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में बीते कल खेतों में जानवर चराने जा रहा अधेड़ पशुपालक रपटा के ऊपर से बह रहे पानी में बहकर डूब गया था। लगभग 20 घंटे बाद पशुपालक का शव गोताखोरों की टीम ने पुल के पास से ही झाड़ियों में बरामद कर लिया है। सूचना पर पूर्व सांसद भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देकर परिवार को मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। वहीं, पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परवई निवासी रूप सिंह (48) पुत्र मुलू पशुओं को चराने का काम करता है। गांव के बाहर मलंगा पर बने रपटा पुल से आगे खेतों में जानवरों को ले जाकर उन्हें वहीं चराता है। बीते तीन दिनों की बारिश के बाद इस समय रपटा के ऊपर से करीब चार से पांच फीट ऊपर तक पानी चल रहा है। प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे वह पशुओं को लेकर उन्हें चराने के लिए गया था। उसके साथ बेटा आकाश भी था। रपटा पर पहुंचने पर वह पशुओं को लेकर रपटा पार करने लगा। तभी अचानक से पानी के तेज बहाव के साथ उसका पैर फिसल गया और वह पानी के साथ मलंगा में बह गया। सूचना पर पुलिस के साथ ग्रामीएण व परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। जहां देर शाम तक उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद कुठौंद से गोताखोरों को बुलाया गया। रात होने पर उसकी तलाश नहीं की जा सकी। शनिवार की सुबह से फिर उसकी तलाश शुरू की गई। सुबह करीब नौ बजे उसका शव रपटा पुल के पास ही झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। पति की मौत की जानकारी होने पर पत्नी वीरकुुंवर रो रोकर बेहाल हो गई। वहीं बड़ा बेटा सोनू, बेटी शिल्पी व छोटा बेटा आकाश भी गमगीन नजर आए। पशुपालक के पानी में डूबकर मौत होने की सूचना पर पूर्व सांसद श्रीराम पाल भी मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और उन्हें हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। वहीं, पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

Leave a Comment