रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में बीमारी से तंग आकर समाचार पत्र विक्रेता ने नगर के मुरलीमनोहर तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तोपखाना निवासी महेशचंद्र साहू (64) समाचार पत्र बेचने का काम करते थे। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। प्रतिदिन सुबह वह समाचार पत्र लेने के लिए वह बस स्टैंड पर आते थे। और समाचार पत्र लेकर चले जाते थे। फिर घर से वह समाचार पत्र बांटने के लिए निकल जाते थे। प्रतिदिन की भांति सोमवार की रात वह खाना खाकर सोने के लिए कमरे में चले गए। रात करीब तीन बजे वह बाहर निकल गए। परिजनों ने सोचा कि वह समाचार पत्र लेने के लिए गए होंगे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो पत्नी लक्ष्मी ने बेटे मनोज को बताया। जिसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान परिजनों को उनके बिस्तर के पास से एक सुसाइड नोट मिला। बेटे मनोज ने बताया कि सुसाइड नोट में पिता ने लिखा था कि वह काफी समय से बीमार हैं और ठीक होने की उन्हें कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। इसलिए वह मुरलीमनोहर तालाब में आत्महत्या करने के लिए जा रहे हैं। सुसाइड नोट मिलते ही घर में चीख पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाल अजीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ मुरलीमनोहर तालाब पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में उनकी तलाश कराई गई। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि सुसाइड नोट के अनुसार वृद्ध ने बीमारी से तंग आकर अपनी जान दे दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और सुसाइड नोट की जांच की जा रही है, जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।





