पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में किसान इन दिनों अन्ना गोवंश और बिजली की कमी की दोहरी मार से परेशान हैं। एक तरफ अन्ना गोवंश खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, तो दूसरी तरफ पर्याप्त बिजली न मिलने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों की इन्हीं समस्याओं को लेकर आज गल्ला मंडी सभागार में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की मासिक पंचायत हुई, जिसमें किसानों ने नाराजगी जताई। ,
फूलसिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस पंचायत में राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि बुआई के बाद अब खेतों में फसलें उगने लगी हैं, लेकिन अन्ना गोवंश पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। आवारा गोवंश खेतों में खड़ी फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
शासनादेश के अनुसार नहीं मिल रही बिजली, क्षतिग्रस्त तार भी नहीं हुए दुरुस्त
बिजली आपूर्ति की समस्या उठाते हुए राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि निजी नलकूपों को प्रतिदिन महज पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासनादेश के अनुसार बिजली की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इसके अलावा, आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुए बिजली के पोल और तार भी अब तक दुरुस्त नहीं कराए गए हैं। पंचायत में किसानों ने निजी नलकूपों के लिए कम से कम 15 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की।
खाद की किल्लत और नहरों की सफाई पर कार्रवाई की मांग
पंचायत के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. द्विजेंद्र सिंह ने खाद की किल्लत और नहरों की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी बैठकों में जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा करते हैं, जबकि किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और निजी दुकानदार मनमाने दामों पर खाद बेच रहे हैं। उन्होंने ऐसे दुकानदारों की जांच कराकर दोषी दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। साथ ही, नहर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नहरों की सफाई की जांच कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पंचायत के अंत में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से कार्रवाई की मांग की गई।
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़





