जालौन क्षेत्र के इस गांव में चल रहा धार्मिक अनुष्ठान हुआ सम्पन्न

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के समीपवर्ती ग्राम सुढ़ार सालाबाद स्थित शिव शंभू धाम पर आयोजित प्रथम नौ कुंडी शिवशक्ति महायज्ञ, श्रीमद् देवी भागवत महापुराण तथा रामलीला महोत्सव का समापन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस सात दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
महायज्ञ का विधिवत समापन सोमवार को हवन अनुष्ठान एवं पूर्णाहुति के साथ हुआ। यज्ञाचार्य डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पूरे अनुष्ठान को वैदिक विधियों से सम्पन्न किया गया। पूर्णाहुति के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, क्षेत्र की समृद्धि और लोक कल्याण के लिए आहुतियाँ अर्पित कीं। हवन मंडप में मंत्रोच्चारण की गूंज और आस्था की भावना से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा। इससे पूर्व रात्रि में आयोजित रामलीला मंचन में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला का भव्य चित्रण किया गया। लीला मंचन में कलाकारों की सजीव अभिनय शैली, आकर्षक वेशभूषा और संवादों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। जैसे ही भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ, पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष गूंज उठा। अंत मे विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Comment