उरई से कलकत्ता तक सीधी ट्रेन समेत अन्य मांग को लेकर प्रधानमंत्री को भेजा पत्र

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । 1857 के अमर शहीदों की स्मृति से जुड़ी ट्रेन संख्या 22197/22198 प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस को कोहरे के मौसम में रद्द न किए जाने और उरई रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाएं विकसित कर कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी गजेंद्र सिंह सेंगर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर की है।
प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी गजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि बुंदेलखंड और जालौन क्षेत्र का कोलकाता से सीधा रेल संपर्क बनाए रखने के लिए उन्होंने सीपीग्राम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके जवाब में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने 18 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर बताया कि कोहरे के मौसम के कारण ट्रेन संख्या 22197/22198 का संचालन रद्द किया जाता है। साथ ही उरई स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उरई से कोलकाता के बीच नई ट्रेन चलाना संभव नहीं बताया गया है। उन्होंने मांग करते हुए बताया कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस का शुभारंभ दो दिसंबर 2007 को 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमर शहीदों की स्मृति में किया गया था। यह ट्रेन झांसी और बैरकपुर (कोलकाता) के ऐतिहासिक संबंधों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पहले से ही साप्ताहिक रूप से संचालित इस ट्रेन को कोहरे के नाम पर लंबे समय तक रद्द कर देने से बुंदेलखंड और जालौन के यात्रियों का कोलकाता से सीधा रेल संपर्क प्रभावित होता है। कहा कि उरई रेलवे स्टेशन को वर्ष 2009-10 में मॉडल स्टेशन घोषित किया गया था, लेकिन 16 वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी यहां नई ट्रेन के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री से रेल मंत्रालय को इस संबंध में निर्देशित कर समस्याओं के समाधान की मांग की है।