नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस जनपद को दी 19 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

सुविधाओं का विस्तार, आस्था का सम्मान, मीरजापुर के विकास को मिली नई रफ्तार

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

Lucknow news today ।प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने आज मीरजापुर भ्रमण के दौरान नगर पालिका परिषद मीरजापुर में नगर विकास विभाग की लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से मीरजापुर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, धार्मिक स्थलों के विकास तथा नगरीय अवस्थापना सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।

मंत्री श्री शर्मा ने चौबे घाट पर 3 करोड़ रुपये की लागत से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था की सौगात दी। इन कार्यों से घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्युत शवदाह गृह के निर्माण से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ ही अंतिम संस्कार के लिए सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

नगर विकास मंत्री ने टांडा में कूड़ा निस्तारण परियोजना एवं विंध्याचल में उत्सव भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कूड़ा निस्तारण परियोजना से नगर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, विंध्याचल में उत्सव भवन के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

मंत्री श्री शर्मा ने विसुंदरपुर एवं फतहां में नवनिर्मित बारात घरों का भी लोकार्पण किया। इन बारात घरों के माध्यम से विशेषकर मध्यम एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुलभ एवं सुविधाजनक स्थल उपलब्ध होंगे।

नगर विकास मंत्री  ए.के. शर्मा ने कहा कि  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मीरजापुर जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले नगरों में विकास और आस्था के समन्वय से जनसुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। जनहित के विकास कार्यों के माध्यम से प्रदेश सरकार जनविश्वास को और अधिक मजबूत कर रही है।

इस अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधायक सुचिस्मिता मौर्य, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।