पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । रात में सामने से आ रही गाड़ी की हेडलाइट की तेज रोशनी आंखों पर पड़ते ही कुछ पल के लिए सामने का कुछ नहीं दिखता। यही कुछ पल उरई-औरैया राज्यमार्ग पर वाहन चालकों के लिए सबसे खतरनाक साबित हो रहे हैं। 65 किमी लंबे इस राज्यमार्ग के डिवाइडर पर एंटी-ग्लेयर पौधरोपण होना था, लेकिन निर्माण को 10 वर्ष बीतने के बाद भी लोक निर्माण विभाग पूरे मार्ग पर पौधे नहीं रोप पाया है।
विभाग के नियम के अनुसार, डिवाइडर के बीच में 1 से 1.5 मीटर ऊंची घनी, सदाबहार झाड़ियां लगाई जाती हैं, ताकि सामने से आ रही गाड़ी की हेडलाइट का ग्लेयर दूसरी लेन के चालक की आंखों तक न पहुंचे। इसके लिए कनेर, बोगनवेलिया, डुरंटा, गुड़हल जैसे कम पानी में चलने वाले घने पौधे लगाए जाते हैं। यह पौधरोपण आईआरसी:एसपी:21-2009 के तहत अनिवार्य माना जाता है।लेकिन हकीकत यह है कि उरई-जालौन मार्ग पर नगर पालिका क्षेत्र को छोड़कर पूरा मार्ग खुला पड़ा है। डिवाइडर सूना है। रात में जब तेज हेडलाइट पड़ती है, तो दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान होते हैं। कई बार सामने से आ रहे वाहन की लाइट के कारण आगे का न दिखने से दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। चार पहिया वाहन चालकों को भी अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। वाहन चालक अमित सैनी, दीपक कुमार प्रवीण कुमार का कहना है कि अगर डिवाइडर पर झाड़ीनुमा पौधे लगे होते, तो न सिर्फ हेडलाइट की चकाचौंध से बचाव होता, बल्कि मार्ग भी हरा-भरा और सुंदर दिखता। पौधों से धूल और प्रदूषण भी कम होता है। लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण यह सुविधा आज तक नहीं मिल पाई।
लोकनिर्माण अधिशाषी अभियंता ने कही यह बात
अनिल कुमार सक्सेना अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण विभाग का कहना है कि पौधरोपण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलते ही पूरे मार्ग पर एंटी-ग्लेयर पौधरोपण कराया जाएगा।फिलहाल, 10 साल बाद भी अधूरा पौधरोपण वाहन चालकों के लिए रात में सफर को जोखिम भरा बनाए हुए है।







