एसडीएम जालौन ने किया पेयजल योजना कार्यो का निरीक्षण,, मौके पर जाकर जानी हकीकत

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Uttampukar E- paper 14 June 2025 – उत्तम पुकार न्यूज़

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए एसडीएम विनय मौर्य ने ग्राम पंचायत जगनेवा में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा संचालित पेयजल योजना के कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घरों में जल आपूर्ति की प्रेशर स्थिति से लेकर पाइप कनेक्शनों की मौजूदा स्थिति तक का गहनता से परीक्षण किया।
एसडीएम ने गांव में बने पंप हाउस, पानी की टंकी और स्टाफ क्वार्टर का भी निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी फैली होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और साफ सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश मौके पर मौजूद पंप ऑपरेटर शिवराम को दिए। कहा कि परिसर में नियमित साफ सफाई कराई जाए। उन्होंने पंप ऑपरेटर से जलापूर्ति की वर्तमान स्थिति और तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर उनकी शिकायतें व सुझाव भी सुने गए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ हिस्सों में अब भी पेयजल कनेक्शन नहीं हो सके हैं। इस पर एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बचे हुए सभी घरों में जल्द से जल्द कनेक्शन पूर्ण किए जाएं, ताकि हर घर नल से जल योजना का लाभ प्रत्येक ग्रामीण को मिल सके। एसडीएम ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीणों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए चलाई जा रही है, इसलिए पारदर्शिता और नियमित निगरानी अत्यंत आवश्यक है। साथ ही कहा कि अगली बार निरीक्षण में कोई लापरवाही मिली तो उत्तरदायित्व तय कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment