बृजेश चतुर्वेदी
Kannauj news today । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव मंगलवार सुबह अचानक कन्नौज पहुंचे। उनके अप्रत्याशित दौरे की जानकारी मिलते ही जिले भर के सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में हलचल मच गई। सपा जिलाध्यक्ष कलीम खां समेत वरिष्ठ नेता तुरंत सपा कार्यालय पहुँचे और राष्ट्रीय महासचिव का गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्वागत के उपरांत रामगोपाल यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एसआईआर प्रक्रिया को लेकर एक आवश्यक एवं महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सभी कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखें और इसे पूरी सावधानी के साथ पूरा करें, ताकि आगामी समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने वोट को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच बनाने पर भी जोर दिया।
वरिष्ठ सपा नेता हसीब हसन ने बताया कि यह गोपनीय और अचानक हुआ दौरा था। सुबह जानकारी मिली कि चाचा जी (रामगोपाल यादव) कन्नौज आ रहे हैं। वह यह देखने निकले थे कि कार्यकर्ता एसआईआर से संबंधित कार्य किस तरह कर रहे हैं। करीब आधा घंटा उन्होंने कार्यालय में समय बिताया और आवश्यक दिशा-निर्देश देकर वापस चले गए। दौरे के दौरान रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित जानकारी जुटाई, उनकी समस्याएँ सुनीं और उच्च अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यकर्ता एसआईआर फॉर्म भरवाने के अभियान में सक्रियता से जुटें, ताकि समाजवादी पार्टी के वोटरों का किसी भी स्तर पर नुकसान न हो।
सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह शिक्षित वर्ग के सपा समर्थकों का वोट कम करने की कोशिश कर रही है, इसलिए एसआईआर फॉर्म भरवाना अत्यंत आवश्यक है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर इस अभियान में पूरी जिम्मेदारी के साथ योगदान देगा।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष कलीम खान, वरिष्ठ नेता जयकुमार तिवारी ‘बऊअन’, पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे, सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, कन्नौज विधानसभा अध्यक्ष पी.पी. सिंह बघेल, प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना इरफानुल हक कादरी सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





