रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन में मुहल्ला जोशियाना स्थित लल्ला तिवारी के आवास पर चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में चौथे दिन भागवताचार्य सुखनंदन मयूर ने गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार तथा भगवान श्रीकृष्ण जन्म के पावन प्रसंगों का वर्णन किया। जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
भागवताचार्य ने गजेंद्र मोक्ष का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि हाथी गजेंद्र जब मगर के अत्याचार से व्याकुल होकर भगवान को पुकारता है, तब श्रीहरि अपने वाहन गरुड़ पर सवार होकर तत्काल उसकी सहायता के लिए पहुंचते हैं और उसके दुखों का अंत कर उसे मोक्ष प्रदान करते हैं। वामन अवतार की कथा का वर्णन करते हुए बताया कि अभिमान चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, ईश्वर की इच्छा और धर्म की शक्ति के आगे टिक नहीं सकता। कथा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण जन्म का दिव्य और उल्लासपूर्ण प्रसंग रहा। भागवताचार्य ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा के साथ भागवताचार्य ने देवकी-वसुदेव की वेदना, कंस का अत्याचार, और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय हुई अद्भुत अलौकिक घटनाओं के बारे में बताया। जैसे ही कथा में श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, श्रद्धालु भाव-विभोर होकर जयकारों के साथ झूम उठे और वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस मौके पर पारीक्षित कुसुमलता, उदयनारायण, आरती मिश्रा, रोहित मिश्रा, शिवांश मिश्रा, राघव तिवारी, सत्यम तिवारी, ज्योति तिवारी, पंकज, ईशान, लव, धैर्य, राघव, कान्हा आदि मौजूद रहे।







