ग्रामीण सहकारी समिति की बैठक सम्पन्न,,इस मुद्दे पर हुई चर्चा

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में सिहारी दाऊदपुर बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड वीरपुरा की वार्षिक बैठक समिति परिसर में संपन्न हुई। बैठक में समिति के कार्यों की समीक्षा, संचालित योजनाओं की जानकारी और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जेडीसी बैंक उरई के सभापति बृजभूषण सिंह ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण विकास की मजबूत कड़ी हैं, जो किसानों को समय पर खाद-बीज, ऋण और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन को मजबूती देती हैं। समितियों के सक्रिय होने से गांवों की आर्थिक स्थिति बेहतर होती है, इसलिए आवश्यक है कि समिति के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं। नोडल अधिकारी उपेंद्र मोहन द्विवेदी ने कहा कि सहकारी समितियां किसानों के लिए आर्थिक संबल का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को मिलने वाली सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों, इसके लिए समिति को अपने कार्यों में गति और पारदर्शिता बनाए रखनी होगी। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे समितियों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत अधिकारियों से संपर्क करें, जिससे समाधान समय पर हो सके। समिति सचिव बलराम पाल ने पिछले वर्ष की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर अध्यक्ष शंकर सिंह, संचालक श्यामजी लाल, शिवेंद्र श्रीवास्तव, अमित कुमार, गिरेंद्र सिंह, व्रिकम सिंह, गायत्री देवी, कमला देवी, पूर्व अध्यक्ष कौशल किशोर दद्दू, गजेंद्र सिंह, अवधेश कुमार, डॉ. हिम्मत सिंह, वीर सिंह, अजय पाल, मोदी प्रधान, पप्पू यादव, छोटे राजा, छुन्ना सिंह आदि मौजूद रहे।