जालौन के एनएसटी स्कूल में सामान्य ज्ञान पुस्तिका का विमोचन,,मुख्य अतिथि ने सम्बोधन में कही यह बात

रिपोर्ट बबलू सेंगर

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़

Jalaun news today ।जालौन नगर के एनएसटी स्कूल में विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच एवं सामान्य ज्ञान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तैयार की गई सामान्य ज्ञान पुस्तिका का विमोचन कार्यक्रम विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद् धीरज बाथम ने पुस्तिका का विमोचन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में व्यापक दृष्टिकोण, सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सामान्य ज्ञान पुस्तिका विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। इस प्रकार की ज्ञानवर्धक पुस्तिकाएं बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में तो सहायक होती ही हैं, साथ ही उनमें तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करती हैं। ऐसे प्रयास भविष्य के जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय निदेशक जसवंत सिंह तोमर ने कहा कि इस सामान्य ज्ञान पुस्तिका को विद्यार्थियों की आयु, कक्षा स्तर और पाठ्यक्रम को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तिका में सरल भाषा, रोचक तथ्यों, प्रश्नोत्तर शैली और नवीन जानकारियों को सम्मिलित किया गया है, जिससे बच्चे बिना किसी बोझ के रुचि के साथ ज्ञान अर्जित कर सकें। विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को व्यावहारिक जीवन के लिए भी तैयार करना है। अंत में विधिवत रूप से फीता काटकर सामान्य ज्ञान पुस्तिका का विमोचन किया गया और अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विपिन उपाध्याय, अभिषेक, अनुराग, धीरज साहू, शिवप्रताप, महेश प्रजापति, अरविंद श्रीवास्तव, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष उषा गुप्ता, प्रबंधक बीएस तोमर, प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह, अवधेश कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे।