Jalaun / Kalpi news today । उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनका शव कानपुर जनपद की सचेंडी थाना क्षेत्र में बरामद हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जालौन जनपद के कालपी में रहने वाले गयादीन अहिरवार वरिष्ठ अधिवक्ता थे।

बताया जा रहा है कि वह कालपी बार संघ के अध्यक्ष भी थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह उरई कोर्ट आए थे और वहां से कालपी वापस जाते समय अपने बेटे को बस स्टैंड पर बुलाकर उन्हें लेने के लिए बोला था इसी दौरान उनका कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया जब उनके बेटे को पिता नहीं मिले तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया तब पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई।
एसपी ने किया मौका मुआयना,

कालपी में वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ हुई घटना की सूचना के बाद एसपी जालौन सुरेश चंद्र रावत मौके पर पहुंचे और छानबीन करने के बाद घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया और निर्देश दिए थे कि जल्द से जल्द खुलासा हो। इसके बाद सक्रिय हुई टीमों ने छानबीन के बाद तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूंछतांछ की तब पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई और लाश कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में फेंक दी गई। पुलिस की टीमों ने कानपुर पुलिस के सहयोग से शव बरामद कर अग्रिम कार्यवाही करना शुरू कर दिया है।
एसपी जालौन ने जारी किया बयान
इस जघन्य वारदात के सम्बंध में एसपी जालौन सुरेश चंद्र रावत ने बयान जारी करते हुए कहा कि जनपद जालौन के थाना कालपी के वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार कल उरई न्यायालय आए थे और वहाँ से वापस कालपी पहुँचकर उन्होंने अपने लड़के को स्टैंड पर बुलाया था। इस दौरान कोई व्यक्ति उनसे मिलने आया और किसी फाइल पर चर्चा करने के बहाने उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गया, जिसमें कुल चार लोग सवार थे। कुछ देर बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया ।

एसपी श्री रावत के अनुसार परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर तत्काल पुलिस द्वारा संज्ञान लेते हुए सभी टीमों को लगाया गया। पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा स्वयं रातभर कालपी में रहकर सभी टीमों को निर्देशित किया गया तथा टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया ।
पुलिस की टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर में तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया उनकी निशानदेही पर गयादीन अहिरवार का शव कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। वर्तमान में पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी श्री रावत ने कहा कि प्रारंभिक जाँच में एक जमीन का विवाद सामने आया है, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया जाना संज्ञान में आ रहा है। पुलिस टीम मामले की गहराई से छानबीन कर रही है तथा पूछताछ कर कार एवं अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।






