रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में स्लीपर बस के इमरजेंसी गेट का लॉक खुला होने उस पर पर्दा पड़़ा होने के चलते बस चालक द्वारा अचानक से ब्रेक लगाने पर युवक बस से सड़क पर गिरकर घायल हो गया था। युवक का फरीदाबाद में इलाज चल रहा है। पीड़ित के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला चुर्खीवाल निवासी सुबोध कुमार प्रजापति ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा अमन प्रजापति बीती 21 अक्टूबर को रात करीब सवा नौ बजे दिल्ली जाने के लिए देवनगर चौराहे से फौजी ट्रेवल्स की स्लीपर बस में सवार हुआ। उसे इमरजेंसी गेट के बगल में सीट दी गई थी। जबकि इमरजेंसी गेट का लॉक खुला हुआ था और गेट पर पर्दा पड़ा था। देवनगर चौराहे के आगे बढ़ने पर बस के चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगाए जाने से उनका भतीजा बस से सड़क पर गिरकर घायल हो गया। तत्काल उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे फरीदाबाद स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






