मकर संक्रांति पर लोगों ने किया खिचड़ी दान,,खिलाये गए मंगोड़े,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़

Jalaun news today । बृहस्पतिवार को सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही मकर संक्रांति के पर्व पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर सूर्य को जल चढ़ाया। लोगों ने घरों में तिल के लड्डू व दाल के पकौड़े खिलाए। मकर संक्रांति के मौके पर मंदिरों में खिचड़ी का दान दिया गया।
मकर संक्रांति का पर्व नगर व ग्रामीण क्षेत्र में श्रृद्धाभाव के साथ मनाया गया। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर लोगों ने सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की। लोगों ने स्नान कर सूर्य देवता के मकर राशि पर आने पर सूर्य देवता को जल चढ़ाकर उनकी भी पूजा अर्चना की। इसके बाद खिचड़ी दान कर कन्याओं को खिचड़ी खिलाई गयी। पंडित देवेंद्र दीक्षित के अनुसार चंद्र के आधार पर माह के दो भाग हैं कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष। इसी तरह सूर्य के आधार पर वर्ष के दो भाग हैं उत्तरायन और दक्षिणायन। छह माह सूर्य उत्तरायन रहता है और दह माह दक्षिणायन। मकर संक्रांति के दिन से सूर्य उत्तरायन हो जाता है। जिसका अर्थ है कि धरती का उत्तरी गोलार्द्ध सूर्य की ओर मुड़ जाता है। मकर संक्रांति से रातें छोटी होने लगती हैं। इस पर्व के साथ ही सभी शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं। मलमास समाप्त होने से घरों में मांगलिक और शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं। मकर संक्रांति के पर्व पर तीर्थ स्नान और दान का महत्व है। परंपरा के अनुसार इस दिन लोग तिल का उबटन लगा कर स्नान करते हैं। तिल और गुड़ का दान भी करते हैं। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में ब्राह्मणों व मंदिरों में खिचड़ी दान दी गई और उन्हें खिचड़ी खिलाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों के उरगांव, नैनापुरा, खनुआं, औरेखी, कुंवरपुरा, लौना, उदोतपुरा, पहाड़पुरा, सुढ़ार सालाबाद, छिरिया सलेमपुर आदि गांवों भी मकर संक्रांति का पर्व मनाया गया। लोगों ने घरों में गुड़ व तिल के लड्डू बनवाए साथ ही मूंग के दाल के पकौड़े भी बनाए गए। जिन्हें अपने मिलने वालों और दोस्तों को खिलाया।