जालौन क्षेत्र में 3 दशकों से जर्जर पड़ी इमारत का हुआ कायाकल्प,, बना सुंदर भवन,,यह दिया गया नाम,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के ग्राम पंचायत मलकपुरा में लगभग तीन दशकों से अनुपयोगी और जर्जर पड़ी इमारत को जीर्णाेद्धार कराकर उसे सामुदायिक भवन के रूप में बना दिया गया है। जीर्णाेद्धार के बाद इस भवन को अब गांधीजी से प्रेरणा लेते हुए सेवाग्राम नाम दिया गया है।
ग्राम प्रधान अमित ने बताया कि सेवाग्राम सामुदायिक भवन का लोकार्पण ग्राम पंचायत के हाशिए पर खड़े उन लोगों से कराया गया, जो गांधीजी के अनुसार अंतिमजन कहलाते हैं। इसमें मलकपुरा के हरीबाबू, शेरपुर से विद्यावती और गुलाबपुरा से भूरी देवी ने फीता काटकर सेवाग्राम सामुदायिक भवन का नारियल फोड़कर लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया। ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत में पहली बार ग्रामीणों से कर लेने की शुरुआत की गई। इस अवसर पर पहले चार करदाताओं को पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार द्वारा विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व पंचायत में कर संग्रहण शून्य था। इसके साथ ही बीते पांच वर्षों में पंचायत के विकास कार्यों में विशेष सहयोग देने वाले अमन गुप्ता, आलोक कुमार, विश्वजीत तिवारी को ग्राम प्रधान अमित द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की नीति के तहत दो बच्चियों को साइकिलें दी गईं। यह साइकिलें मऊरानीपुर निवासी अवधेश कुमार द्वारा उपलब्ध कराई गई थीं।