रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । हाईस्कूल परीक्षा को लेकर छात्रों में बढ़ते दबाव और तैयारी से जुड़ी शंकाओं को दूर करने के उद्देश्य से महाराणा प्रताप साइंस इंटर कॉलेज के अध्यापक मंगल सिंह चौहान ने छात्रों को परीक्षा की तैयारी, उत्तर लेखन, से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
महाराणा प्रताप साइंस इंटर कॉलेज के अध्यापक मंगल सिंह चौहान ने बताया कि बोर्ड परीक्षा जीवन की एक महत्वपूर्ण परीक्षा होती है, लेकिन अनावश्यक भय और तनाव से दूर रहकर ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि पूरे पाठ्यक्रम को एक साथ पढ़ने के बजाय उसे छोटे-छोटे भागों में विभाजित कर नियमित रूप से अध्ययन करें। प्रत्येक विषय के महत्वपूर्ण प्रश्नों को बार-बार दोहराने से आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि कठिन विषयों और अध्यायों से बचने के बजाय उन पर अधिक अभ्यास करना चाहिए, जिससे परीक्षा के समय परेशानी न हो। उत्तर लेखन पर विशेष जोर देते हुए बताया कि परीक्षा में केवल सही उत्तर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रस्तुत करने का तरीका भी महत्वपूर्ण होता है। उत्तर पुस्तिका में साफ-सुथरी और क्रमबद्ध लिखावट से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही उत्तर लिखें और गणित व विज्ञान जैसे विषयों में चरणबद्ध समाधान अवश्य प्रस्तुत करें।






