रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के ग्राम कुठौंदा खुर्द से नैनपुरा तक तीन किमी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा द्वारा सड़क का भूमि पूजन किया गया। सड़क निर्माण की आशा देख ग्रामीणों ने खुशी जताई है।
बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत कुठौंदा खुर्द से नैनपुरा तक बनाए जाने वाले संपर्क मार्ग का भूमि पूजन बुधवार को सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा द्वारा किया गया। इसको बनाने के लिए लगभग दो करोड़ 60 लाख रुपये की लागत आएगी। भूमि पूजन के अवसर पर सदर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं। सड़कें न केवल दैनिक आवाजाही को आसान बनाती हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के अवसर खोलती हैं। कुठौंदा खुर्द से नैनपुरा संपर्क मार्ग बनाए जाने की मांग की जानकारी होने पर बुंदेलखंड विकास निधि से उसका निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। ग्राम प्रधान मंगल सिंह ने भी संपर्क मार्ग के भूमि पूजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण से दोनों गांव के लोगों को आवागमन में आसानी होगी। बारिश के समय ग्रामीणों को आवागमन में जो कठिनाई होती थी, सड़क बनने से अब यह समाप्त हो जाएगी।




