जालौन प्रीमियर लीग दिल्ली और लखनऊ की टीमों में भिड़ंत,, इस टीम को मिली जीत

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन प्रीमियर लीग सीजन तीन में लखनऊ और दिल्ली के बीच हुए मुकाबले में दिल्ली की टीम ने छह विकेट से जीत दर्ज की। उधर, ऑल स्टार झांसी की टीम ने ओसीसी उरई की टीम को 78 रनों से शिकस्त दी।
छत्रसाल मैदान पर आयोजित जेपीएल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में लखनऊ और दिल्ली के बीच आयोजित मैच में दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम शुरुआत अच्छी नहीं रही। निर्धारित 20 ओवर में लखनऊ की टीम 116 रन बनाये। दिल्ली की ओर से गेंदबाज निखिल सांगवान ने चार ओवर में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर पांच विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 15वें ओवर में लक्ष्य को हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। टीम के बल्लेबाज अनिरुद्ध ने 24 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। निखिल सांगवान को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पूर्व ऑलस्टार झांसी और ओसीसी उरई के बीच हुए मुकाबले में झांसी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सकुल शाक्या ने 31 गेंदों में 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 71 रनों की पारी खेली। उन्हें मोहसिन रज़ा ने आउट किया। टीम के दूसरे ओपनर उत्कर्ष अग्रवाल ने 38 गेंदों में 12 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 105 रन बनाकर टूर्नामेंट में पहला शतक बनाया। झांसी ने ओसीसी उरई को 233 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी ओसीसी उरई की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम का पहला विकेट जीरो रन पर गिरा। इसके बाद अभिषेक राजपूत ने संभलकर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। उन्होंने 25 गेंदों में तीन छक्कों और छह चौकों की मदद से 52 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। फिर भी निर्धारित ओवरों में टीम छह विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। ऑलस्टार झांसी को 78 रनों से विजेता घोषित किया गया। उत्कर्ष अग्रवाल को शतकीय पारी खेलने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।