रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जेपीएल सीजन तीन का पहला क्वार्टर फाइनल मैच पुखरायां बनाम प्रधान इलेवन जालौन के बीच खेला गया। जिसमें प्रधान इलेवन ने पुखरायां को 49 रनों से हराकर सेमी फाइनल में जगह बना ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रधान इलेवन जालौन की टीम के बल्लेबाजों को पुखरायां की टीम के गेंदबाजों ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से बांधे रखा। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला विकेट मात्र तीन रनों पर ही गिर गया। टीम ने निर्धारित 18 ओवरों में 8 विकेट खोकर 138 रनों का लक्ष्य रखा। पुखरायां की टीम के गेंदबाज एडवोकेट आसिफ ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुखरायां की टीम की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रधान इलेवन टीम के गेंदबाज सचिन यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट झटक कर पुखरायां टीम की कमर तोड़ दी। सचिन ने टूर्नामेंट की तीसरी हैट्रिक लगाई। साथ में विशाल त्रिवेदी ने तीन ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट लिए। गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर पुखरायां की टीम 14 ओवर में 89 रनों पर ऑलआउट हो गई। सचिन यादव की घातक गेंदबाजी के लिये उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।





