रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के श्रीबाराहीं देवी मेला एवं विकास प्रदर्शनी के अंतर्गत आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेलप्रेमियों के लिए रोमांच से भरपूर रहा। इटहिया और लौना ए की टीमों के बीच खेले गए इस निर्णायक मैच ने दर्शकों की धड़कनें अंतिम क्षण तक थामे रखीं। गोल्डन रेड में इटहिया ने लौना ए को पराजित किया।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इटहिया की टीम ने तेज रेड और सधी हुई पकड़ से शुरुआती बढ़त बनाने का प्रयास किया, वहीं लौना ए के खिलाड़ियों ने शानदार डिफेंस के दम पर मुकाबले को बराबरी पर बनाए रखा। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। किसी भी टीम को निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी। दूसरे हाफ में मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। इटहिया के रेडरों ने बोनस अंक लेने के साथ महत्वपूर्ण अंक जुटाए, जबकि लौना ए के डिफेंडरों ने भी दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। निर्धारित समय समाप्त होने तक दोनों टीमों ने 26-26 अंक बना लिए, जिससे मैदान में रोमांच चरम पर पहुंच गया। अंतर्राष्ट्रीय नियमों के अनुसार मैच टाई ब्रेकर दौर में पहुंचा। इस चरण में दोनों टीमों को पांच-पांच गोल्डन रेड का अवसर दिया गया। गोल्डन रेड डू या डाई की स्थिति जैसी होती है, जिसमें चुने गए खिलाड़ी को हर हाल में अंक अर्जित करना होता है। प्रत्येक रेड के साथ दर्शकों की सांसें थमी रहीं। गोल्डन रेड के निर्णायक क्षणों में इटहिया के खिलाड़ियों ने संयम और रणनीति का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। मजबूत पकड़ और सटीक रेड के दम पर इटहिया ने टाई ब्रेकर में 6-4 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में निर्णायक मंडल में रमेश मिश्रा, मन्ना सिंह सेंगर और राजेश सिंह चंदेल शामिल रहे। मैच रेफरी की भूमिका में रामशंकर, पुष्पेंद्र धूरिया, पारस मिश्रा रहे। जबकि स्कोरर श्रीकांत, नरेश और महेंद्र सिंह गुर्जर रहे।





