रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalsun news today ।जालौन विकास खंड क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में व्यायामशाला और खेल मैदान निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है। ग्रामवासियों का कहना है कि युवाओं और बच्चों के शारीरिक विकास के लिए गांव में खेल संबंधी आधारभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे प्रतिभाओं को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर, जवान सिंह, शिवम सेंगर और मनमोहन सिंह आदि ने खंड विकास अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि व्यायामशाला निर्माण के संबंध में पूर्व में की गई शिकायत पर तहसीलदार जालौन की आख्या में स्पष्ट किया गया है कि भूमि प्रबंधन समिति अथवा विकास खंड कार्यालय द्वारा निर्माण के लिए कोई नया प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। प्रस्ताव मिलने के बाद ही नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई संभव है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर प्रस्ताव न भेजे जाने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है, जबकि राजस्व विभाग भूमि उपलब्ध कराने को तैयार है। इसके साथ ही गांव में खेल मैदान निर्माण की मांग भी लंबे समय से लंबित है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। संबंधित विभाग द्वारा वर्ष 2022 में शासन को आख्या भी भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि खेल मैदान और व्यायामशाला बनने से गांव के युवाओं को नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उपलब्ध सरकारी भूमि का सत्यापन कराकर व्यायामशाला निर्माण का प्रस्ताव तत्काल पारित किया जाए और खेल मैदान निर्माण के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जनहित में कार्य शीघ्र शुरू हो सके।





