जालौन प्रीमियर लीग : सेमीफाइनल में भिड़ी ये टीमें,,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में चल रहे जेपीएल सीजन तीन का पहला सेमीफाइनल का मुकाबला ऑलस्टार इलेवन झांसी और प्रधान इलेवन जालौन के बीच खेला गया। प्रधान इलेवन जालौन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
बल्लेबाजी करने उतरी प्रधान इलेवन जालौन की शुरुआत बेहद शानदार रही। ओपनर करन तोमर ने 49 रनों की पारी खेली। इसके बाद इंडिया अंडर 19 विश्वकप के खिलाड़ी आदर्श सिंह ने 58 गेंदों पर 13 गगनचुम्बी छक्कों एवं 14 चौकों के साथ नाबाद 148 रनों की पारी खेली। उनका साथ दे रहे बल्लेबाज समन्वय दीक्षित ने भी 21 गेंदों में नौ छक्कों और तीन चौकों के साथ 69 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 309 रनों पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑल स्टार झांसी की टीम की शुरुआत से ही दबाव में रही। टीम के शुरूआती तीन महत्वपूर्ण विकेट 23 रनों पर गिर गए। इसके बाद विवेक तिवारी और विकेट कीपर उदय यादव ने शानदार साझेदारी पेश की। दोनों खिलाड़ियों ने 97 रनों की साझेदारी की। विवेक तिवारी ने 34 गेंदों में तीन छक्कों और 10 चौकों की मदद से 67 रन बनाए। उदय यादव ने 34 गेंदों में चार छक्कों और पांच चौकों की मदद से 53 रन बनाए। इसके बाद राहुल ठाकुर ने शानदार खेलते हुए 19 गेंदों में तीन छक्कों और सात चौकों की मदद से 51 रनों की पारी खेली। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। निर्धारित 20 ओवर में ऑल स्टार झांसी की टीम नौ विकेट खोकर 227 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता में प्रधान इलेवन जालौन की टीम ने 82 रनों से जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार जेपीएल के फाइनल में जगह बनाई। आदर्श सिंह की शानदार शतकीय पारी की बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला प्रभाकर एकेडमी उरई और डायमंड क्रिकेट एकेडमी औरैया के बीच रविवार को छत्रसाल मैदान पर खेला जायेगा। जिसमें विजेता टीम की भिडंत फाइनल मुकाबले में प्रधान इलेवन जालौन के साथ होगी।