रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में खेत से वापस घर आकर खाना खाते हुए बाहर से किसी ने बाइक चोरी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाइक चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जोशियाना निवासी ओमप्रकाश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि बीती 23 फरवरी को वह बाइक से खेत पर काम करने के लिए गए थे। दोपहर में वह खाना खाने के लिए बाइक से वापस घर आए और घर के बाहर बाइक खड़ी करके वह अंदर खाना खाने लगे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक चोरी कर ली। जब वह खाना खाकर बाहर आए तो बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कहीं पता नहीं चला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाइक चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रंगबाजी को लेकर धमकी देने का आरोप
जालौन। दुकान बंद करके बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहे युवक को रोककर रंगबाजी दिखाते हुए दूसरे युवक ने अभद्रता करते हुए धमकी दे दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चिमनदुबे निवासी अरसलान ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात वह बाजार स्थित अपनी दुकान को बंद करके बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल टैंक पर जा रहा था। जब वह रास्ते में ही था तभी रास्ते में मोहल्ला कटरा निवासी राहुल कुशवाहा ने उसे रोक लिया और उसके साथ रंगबाजी दिखाते हुए अभद्रता करने लगे। मना करने पर गाली, गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार पहिया वाहनों खड़ा करने को लेकर मारपीट
जालौन। घर के बाहर चार पहिया वाहन खड़ा करने को मना करने पर दो लोगों ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रापटगंज निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के ही रशीद व मोहित घर के बाहर चार पहिया वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद कर रहे थे। जब उसने विवाद करने से मना किया तो गाली, गलौज व पिटाई शुरू कर दी। उसके चिल्लाने पर जब मोहल्ले के लोग बचाने के लिए आए तो धमकी देकर वहां से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






