अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जालौन के विभिन्न स्कूलों में आयोजित हुए कार्यक्रम,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर महिला सम्मान और उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया।
नगर के एसबीडीएम इंटर कॉलेज में महिला दिवस के अवसर पर मातृ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी माताओं का तिलक कर, चरण स्पर्श कर और पुष्प अर्पित कर उनका सम्मान किया। इस दौरान विद्यालय परिसर भावुक और श्रद्धा से भरे वातावरण में बदल गया। बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि मां ही उनके जीवन की पहली गुरु होती हैं, जो उन्हें संस्कार, शिक्षा और जीवन के मूल्यों की सीख देती हैं। एनएसटी स्कूल में अभिभावक महिलाओं को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य रामप्रताप सिंह भदौरिया व जसवंत सिंह तोमर ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, विज्ञान, खेल और अन्य अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में अपनी माताओं और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों ने भी अपनी माताओं के साथ मंच पर आकर उनके प्रति अपने भाव भी व्यक्त किए।