जालौन क्षेत्र में कम्प्यूटर ऑपरेटर पर सचिव ने लगाए ये आरोप,, जारी किया नोटिस,पुलिस ने शुरू की जांच

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के समिति कार्यालय वी-पेक्स लिमिटेड ग्राम शहजादपुरा में तैनात अस्थाई कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा काम न करने पर सचिव ने ऑपरेटर को नोटिस दे दिया। नोटिस मिलने से नाराज अस्थायी कर्मचारी ने दलित सचिव को जाति सूचक गालियां देकर बिजली के तारों से पिटाई कर दी। साथ ही सचिव का मोबाइल भी तोड़ दिया। पीड़ित सचिव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी उदयभान वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह वी-पेक्स लिमिटेड ग्राम शहजादपुरा सोसाइटी समिति में सचिव पद पर नियुक्त है। कार्यालय में अस्थाई कम्प्यूटर ऑपरेटर के रुप में ग्राम धनौरा कलां निवासी सतेंद्र सिंह गुर्जर नियुक्त है। सचिव ने आरोप लगाया कि अधिकारी कोई काम देते हैं तो वह नहीं करते हैं। इसके अलावा भी कार्यालय में कोई काम नहीं करते हैं और सिर्फ दबंगई के बल पर काम कर रहे हैं। अधिकारियों के कहने पर उन्होंने अस्थाई कम्प्यूटर ऑपरेटर को नोटिस दे दिया था। नोटिस देने पर वह बौखला गए और मंगलवार को शाम करीब तीन बजे वह उन्हें जाति सूचक गालियां देने लगे। जब गाली देने से मना किया तो उसने बिजली के मोटे तारों से पिटाई करना शुरु कर दिया, जिससे उनके शरीर में चोटें आईं हैं। चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण आ गए, जिन्होंने किसी तरह बचाने की कोशिश की। इसी दौरान कम्प्यूटर ऑपरेटर ने उनका मोबाइल छीन लिया और उसे जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। बाद में पिता के सपा कार्यकर्ता होने और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकला। पीड़ित सचिव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।