रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के वार्ड नंबर 17 के मोहल्ला भवानीराम में नई बस्ती की गलियों की नालियां क्षतिग्रस्त हो गयी। इंटरलाकिंग के साथ नालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदगी बनी रहती है जिससे आसपास के वाशिंदों को दिक्कत हो रही है।
वार्ड नंबर 17 के मोहल्ला भवानीराम में वाशिंदों की सहूलियत के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा इंटरलाकिंग डलवाई गई थी और नाली का निर्माण कराया गया था। लगभग दो वर्ष पूर्व डाली गई इंटरलाकिंग व नाली निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की गई, जिससे गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं हो सका। मानकों की अनदेखी होने के साथ ओवरलोड वाहनों के निकलने के इंटरलाकिंग जमीन में बैठ गई है और नालियां चटक गई है। सड़क व नाली खराब होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क व नालियों को खराब हुए लगभग एक वर्ष का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। नगर पालिका परिषद द्वारा सड़क व नालियों की मरम्मत के प्रति उदासीनता दिखाने के कारण यहां के बाशिंदों को परेशानी हो रही है। वार्ड निवासी देवीशरण, सोनू, रामकिशुन, मानसिंह, ओमप्रकाश बताते हैं कि सड़क व नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदगी बनी रहती है जिससे बदबू आती है और मच्छर पनपते है। इसके साथ ही आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इंटरलॉकिंग और नालियां सही कराने की मांग पालिका प्रशासन से की है।






