जालौन में भी परेशानी का सबब बनी गैस सिलेंडर ,,यह बताई गई वजह

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में ग्रामीण क्षेत्र की गैस एजेंसी चौहान इंडेन गैस सर्विस के माध्यम से छह से सात हजार उपभोक्ताओं को रसोई गैस उपलब्ध कराई जाती है। ग्रामीण क्षेत्र की गैस एजेंसी में 45 दिनों का लॉक पीरियड होने से उपभोक्ता परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने शहरी क्षेत्र के अनुसार 25 दिनों का लॉक पीरियड किए जाने की मांग करते हुए मंत्रालय को पत्र भेजा है।
नगर में इंडेन गैस की उपलब्धता के लिए दो एजेंसी थीं। जिनमें पहली जालौन इंडेन गैस सर्विस और दूसरी चैनू इंडेन गैस सर्विस थीं। इनमें से चैनू इंडेन गैस सर्विस को कुछ वर्ष पूर्व सस्पेंड कर दिया गया था। इस एजेंसी के उपभोक्ताओं को ग्रामीण क्षेत्र की एजेंसी चौहान इंडेन गैस सर्विस से अटैच कर दिया गया था। यहां नगर के लगभग छह से सात हजार उपभोक्ता पंजीकृत हैं। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के चलते गैस रिफिलिंग के लिए लॉक पीरीयड बढ़ाया गया है। जिसके अनुसार शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराने के बाद दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद कर सकते हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लिए यह अवधि 45 दिनों के लिए की गई है। ऐसे में जालौन गैस एजेंसी के उपभोक्ता 25 दिनों की लॉक अवधि के बाद गैस की बुकिंग कर पा रहे हैं। जबकि चौहान गैस एजेंसी पर पंजीकृत उपभोक्ताओं की गैस की बुकिंग 45 दिनों के बाद हो रही है। ऐसे में इस एजेंसी के उपभोक्ता परेशान है। परेशान उपभोक्ता अशफाक राईन, जावेद, अनिल आदि ने बताया कि गैस सिलिंडर 20 से 25 दिनों अधिकतम एक माह में समाप्त हो जाता है। 45 दिनों की लॉक अवधि के चलते वह बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने मंत्रालय को पत्र भेजकर चौहान गैस एजेंसी पर नगर क्षेत्र के पंजीकृत उपभोक्ताओं के 25 दिनों की लॉक अवधि का लाभ दिलाने की मांग करते हुए कहा कि वह शहरी क्षेत्र के निवासी हैं इसलिए उन्हें शहरी क्षेत्र के अनुसार लाभ मिलना चाहिए।