जालौन क्षेत्र में भी पेट्रोल पम्पों पर परेशानी झेलने को मजबूर हैं उपभोक्ता

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि आधिकारिक रूप से किसी कमी की पुष्टि नहीं होने के बावजूद कई पेट्रोल पम्पों पर उपभोक्ताओं को पेट्रोल व डीजल उनकी इच्छा के अनुरूप नहीं मिल पा रहा है। इससे वाहन चालक पेट्रोल पम्पों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
नगर व आसपास संचालित पेट्रोल पंपों उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है। खासकर किसानों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। खराब मौसम के चलते किसान जल्द फसलों की कटाई कराना चाहते हैं, लेकिन पर्याप्त डीजल न मिलने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिनों से पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कमी बताकर उपभोक्ताओं को 100 या 200 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। डीजल के लिए यह सीमा 500 तक है। उपभोक्ता जावेद, जाकिर, बल्लू आदि का कहना है कि पेट्रोल या डीजल की जितनी जरूरत है उतना नहीं मिल पा रहा है।