जालौन के इस थाना पुलिस ने चलाया साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता अभियान

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन जनपद के थाना कुठौंद पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा कुठौंद स्थित बीआर सर्वोदय शिक्षण संस्थान में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए डिजिटल फ्रॉड, फाइनेंशियल धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक टेक्नोलॉजी और बैंक केवाईसी से जुड़े जोखिमों के बारे में विस्तार से बताया गया।

पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही चक्षु पोर्टल के माध्यम से A/C, RRR/TXN और दिनांक-समय के साथ शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें प्रमुख हैं— महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076।

इस अवसर पर थाना कुठौंद की पुलिस टीम उपस्थित रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद, उपनिरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी, कांस्टेबल बिल्ली राणा, महिला कांस्टेबल अनु देवी तथा कांस्टेबल प्रवीण राज शर्मा शामिल रहे।

पुलिस द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान छात्र-छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ।