गर्मियों में जालौन क्षेत्र के लोगों को मिले भरपूर बिजली,, चलाया जा रहा ये अभियान

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बिजली व्यवस्था को सुचारु और दुरुस्त बनाए रखने के लिए विद्युत निगम द्वारा ट्रांसफॉर्मरों के अनुरक्षण कार्य को अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। इसके तहत नगर क्षेत्रों में विभिन्न फीडरों को बंद कर तकनीकी सुधार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आगामी भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
विद्युत निगम के जेई नवीन कंजौलिया ने बताया कि गर्मी के दिनों में बिजली की मांग अचानक बढ़ जाती है, जिससे ट्रांसफॉर्मरों पर लोड अधिक पड़ता है और उनके फुंकने की शिकायतें भी बढ़ जाती हैं। इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है। अनुरक्षण कार्य के अंतर्गत ट्रांसफॉर्मरों के फ्यूज सेट को बदला जा रहा है, बॉडी अर्थिंग और न्यूट्रल अर्थिंग को दुरुस्त किया जा रहा है, साथ ही ढीले कनेक्शन और जर्जर तारों की भी जांच कर उन्हें ठीक किया जा रहा है। विभिन्न फीडरों पर यह कार्य सुचारु रूप से किया जा सके, इसके लिए विभाग द्वारा दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। हालांकि इस दौरान उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है, लेकिन विभाग का कहना है कि यह अस्थायी कटौती भविष्य में लंबे समय तक होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए जरूरी है। कर्मचारियों की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर दिनभर में कई ट्रांसफॉर्मरों का निरीक्षण और मरम्मत कार्य कर रही हैं। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अनुरक्षण कार्य के दौरान निर्धारित समय में बिजली बंद रहने पर धैर्य रखें और किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर तत्काल विभाग को सूचना दें। बताया कि इस अभियान के पूरा होने के बाद गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु और व्यवस्थित रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।