रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत नगर में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पिंक बूथ के पास विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिला चौकी प्रभारी मधु देवी ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता ली जा सकती है। उन्होंने महिलाओं को 1090, 112 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में जानकारी दी और कहा कि किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तुरंत सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी और अनजान कॉल, मैसेज या लिंक से बचने के लिए कहा। इस दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ जैसे मामलों में कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि कानून महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करता है और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ वे आवाज उठा सकती हैं। अभियान में मौजूद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें और किसी भी आपात स्थिति में बिना डर के पुलिस से संपर्क करें, ताकि एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके। इस मौके पर अंजलि, विनीता, ज्योति, राधिका, मुन्नी, सुमन आदि मौजूद रहीं।





