ब्यूरो रिपोर्ट

Orai / jalaun news today । जालौन जनपद के रामपुरा क्षेत्र में हाल ही में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसी बीच कुछ परिवारों के सामने बेटियों के विवाह की चिंता ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया है। ऐसे ही दो पीड़ित परिवारों की व्यथा जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो ब्लॉक प्रमुख रामपुरा अजीत सिंह सेंगर का हृदय द्रवित हो उठा और उन्होंने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया।
विकास खंड माधौगढ़ के ग्राम अकबरपुरा निवासी कमलेश परिहार, जो कि भूमिहीन मजदूर कृषक हैं, की पुत्री कुमकुम का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय है। बेटी की शादी के लिए कमलेश ने बड़ी उम्मीदों के साथ अपनी जमा पूंजी 60 हजार रुपये खर्च कर गांव के ही एक जमींदार से छह बीघा जमीन बटाई पर ली थी। उन्हें विश्वास था कि इस जमीन से होने वाली पैदावार से वह अपनी बेटी की शादी धूमधाम से कर सकेंगे, लेकिन अचानक आई प्राकृतिक आपदा ने उनकी सारी योजनाओं को तहस-नहस कर दिया। इसी प्रकार गांव के ही राज बहादुर सिंह, जिनके पास मात्र छह बीघा पैतृक जमीन है, की पुत्री शिवानी का विवाह 6 मई को होना है। उन्होंने भी अपनी फसल से मिलने वाली आमदनी के भरोसे शादी की तैयारियां शुरू की थीं, लेकिन ओलावृष्टि और तेज बारिश ने उनकी फसल पूरी तरह नष्ट कर दी, जिससे वे गहरे आर्थिक संकट में आ गए हैं। इन दोनों परिवारों के दुख और बेबसी के वीडियो जब सोशल मीडिया पर सामने आए, तो ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर भावुक हो गए। उन्होंने तत्काल सहायता का निर्णय लेते हुए मंगलवार की शाम करीब 7 बजे ग्राम अकबरपुरा पहुंचकर दोनों परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। ब्लॉक प्रमुख ने दोनों परिवारों को बेटियों की शादी के लिए एक कुंतल आटा, 50 किलो शक्कर और 15 लीटर रिफाइंड तेल का डिब्बा प्रदान किया। इसके अलावा उन्होंने कन्याओं को अपनी बहन का दर्जा देते हुए 5100 रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। इस दौरान उन्होंने भावुक होकर कन्याओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी आवश्यकता पड़ने पर वे उनके साथ खड़े रहेंगे। अजीत सिंह सेंगर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसी भी बहन-बेटी के विवाह में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी और वे हर संभव सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उनके इस संवेदनशील और मानवीय कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अकबरपुरा बृजभूषण सिंह, उधल सिंह, धर्मेंद्र सिंह, परमाल सिंह, बृजराज सिंह, प्रताप भान सिंह, चरण सिंह, वृंदावन सिंह, भूपेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।





