जालौन में इनवर्टर बैट्री शोरूम में लगी आग,,इतने का बताया गया नुकसान

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन तहसील के पास स्थित बैट्री व इनवर्टर के शोरूम में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग लगने से शोरूम में रखे इनवर्टर, बैट्री व अन्य सामान जल कर राख हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से संचालक को तकरीबन 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला दबगरान निवासी मोहम्मद इदरीश का तहसील के पास इनवर्टर व बैट्री का थोक व फुटकर का प्रिंस बैट्री के नाम से शोरूम है। गुरुवार की रात करीब नौ बजे वह शोरुम बंद करके अपने घर चले चले गए थे। रात करीब तीन बजे एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे उनके एक परिचित ने उन्हें मोबाइल पर सूचना दी कि उनके शोरूम में आग लगी है और दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है। आग लगने की खबर लगते ही वह व आसपास के लोग शोरूम पर पहुंच गए और तत्काल दमकल को सूचना दी। मौजूद लोग शोरूम के ताले खोलकर शटर खोलने का प्रयास करने लगे। शटर गर्म होने के कारण वह शटर नहीं खोल पाए और बेबसी में आंखें के सामने ही शोरूम को राख में बदलते देखते रहे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया। एक टैंकर खाली होने के बाद भी जब आग नहीं बुझी तो दूसरा टैंकर आया। तकरीबन दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से शोरूम में रखा लगभग 25 लाख कीमत की बैट्री, इनवर्टर, केबिल, इनवर्टर के मरम्मत का सामान, फर्नीचर व कम्प्यूटर आदि जलकर राख हो गए। शोरूम संचालक ने बताया कि उनकी दुकान में बिजली का कनेक्शन नहीं है सोलर इंवर्टर से ही काम चलता था। दुकान के बाहर बिजली का खंभा है जिस पर जरूर काफी जर्जर तार लटक रहे हैं। आग कैसे लगी वह समझ नहीं पा रहे हैं।