आशुतोष शर्मा / पवनदीप निषाद

Jalaun / Kalpi news today । जालौन जनपद के कालपी ।के विधायक विनोद चतुर्वेदी की उपस्थिति में नगर पालिका परिषद कालपी में नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को संपन्न हुआ। शासन के निर्देशों एवं नगर विकास विभाग की अधिसूचना के अनुपालन में आयोजित इस कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कालपी मनोज कुमार ने पांचों नामित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने वाले सभासदों में कन्हैया मिश्रा (आलमपुर), श्रीमती ज्योति विश्वकर्मा (हरीगंज), रविन्द्र वर्मा (मनीगंज), देवेन्द्र गुप्ता (रामगंज) तथा मोनू कोष्ठा (रामचबूतरा) शामिल रहे। शपथ लेने के उपरांत सभी सभासदों ने नगर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पेयजल, सड़क एवं प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुधार तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव, अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार, रेवेन्यू इंस्पेक्टर अजीत यादव सहित नगर पालिका परिषद के अधिकांश निर्वाचित सभासद, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और पूरे समारोह में गरिमामय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव-नामित सभासदों को बधाई देते हुए उनसे नगर हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। साथ ही कहा गया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कालपी नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नगर के विकास कार्यों में सहयोग देने का आश्वासन दिया।





