रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में आज खेत में फसल कटाई करते समय अचानक हार्वेस्टर में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग बेकाबू हो गयी। जब तक दमकल मौके पर पहुंचती तब तक हार्वेस्टर, ट्रैक्टर व खेत में खड़ी लगभग चार बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग लगने के कारण लगभग 12 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूरा मल्लू निवासी रोहित सेंगर के खेत में गेहूं की फसल पकी खड़ी थी। फसल कटवाने के लिए उन्होंने हार्वेस्टर किराए पर चलाने वाले गांव के सौरभ परिहार से बात की। कटाई तय होने के बाद गुरुवार की सुबह वह खेत पर हार्वेस्टर लेकर फसल को काटने के पहुंच गए। सुबह लगभग 10 बजे खेत में कटाई का काम शुरू हुआ था। कटाई के दौरान अचानक हार्वेस्टर के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। तेज और गर्म हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और हार्वेस्टर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। आग की लपटें उठते देख हार्वेस्टर चालक सौरभ ने हार्वेस्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग लगने की सूचना तत्काल दमकल को दी। सूचना कि बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी जब तक आग को बुझा पाते तब तक खेत में खड़ी लगभग चार बीघा गेंहू की फसल व हार्वेस्टर जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कारण लगभग 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, आग बुझाने में ग्रामीणों की सूझबूझ काम आई। ग्रामीणों ने दूर से आसपास की फसल काटकर खाली जगह बनाई जिससे आग को आगे बढ़ने से रोका जा सके। ग्रामीणों की सूझबूझ से फसल को होने वाला नुकसान कम हो गया।






