जालौन क्षेत्र में भूसा मशीन से निकली चिंगारी से लगी आग,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर और गुलाबपुरा मौजा में गुरुवार की सुबह भूसा मशीन से निकली चिंगारी से पराली में आग लग गई। इस दौरान करीब सौ बीघा में भूसा के लिए निकली पराली आग में जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गुरूवार की सुबह छिरिया सलेमपुर और गुलाबपुरा मौजे में गेंहू की फसल की कटाई के बाद पराली से भूसा मशीन द्वारा भूसा बनाया जा रहा था। मशीन से भूसा बनाते समय अचानक मशीन से निकली चिंगारी से पराली में आग लग गई। तेज हवा चलते आग ने तेजी पकड़ ली देखते ही देखते करीब 100 बीघा खेत में आग की लपटें उठने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास खेतों में रखे पाइप और कृषि उपकरण भी जल गए। आग लगने से किसान नरेश कुशवाहा, सोबरन सिंह, मलखान कुशवाहा आदि को नुकसान हुआ है।