जालौन में बिजली विभाग ने शुरू किया ये अभियान, ताकि सुचारू रह सके विद्युत आपूर्ति

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए बिजली निगम ने ट्रांसफार्मरों की जांच और रखरखाव का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उरई-जालौन मार्ग स्थित बिजलीघर में स्थापित 10-10 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण और परीक्षण किया गया, जिसमें सभी उपकरण सामान्य पाए गए।
गर्मियों में बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मरों के खराब होने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जो कई बार बरसात तक जारी रहती हैं। इससे एक ओर जहां उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में बाधा आती है, वहीं विभाग को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा समय रहते सतर्कता बरती जा रही है।बिजलीघर पर टेस्ट टीम द्वारा करीब डेढ़ घंटे तक ट्रांसफार्मरों की गहन जांच की गई, जिसे रोस्टिंग में समायोजित किया गया। इस दौरान फीडर मशीन में ट्रिपिंग का ट्रायल भी किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। जांच में एसडीओ सूरज सोनी, एई मीटर आजाद, धीरेंद्र, जेई नवीन कंजोलिया, जेई दीपेंद्र शर्मा, टीजी-2 जितेंद्र, रवि यादव, संविदाकर्मी उपेंद्र और समीर सहित अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया। इसके अलावा नगर क्षेत्र में स्थापित 400 केवी के 11 और 250 केवी के 33 ट्रांसफार्मरों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। अवर अभियंता नवीन कंजोलिया के नेतृत्व में कुल 44 ट्रांसफार्मरों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। पहले दिन बिजलीघर में लगे 10-10 एमवीए ट्रांसफार्मरों की जांच की गई, जो पूरी तरह ठीक पाए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ ट्रांसफार्मरों में निर्धारित मानक से कम तेल पाया गया, जिस पर तत्काल मानक के अनुसार तेल की पूर्ति कराई गई। साथ ही तेल चोरी की संभावनाओं को देखते हुए ट्रांसफार्मरों के नोजिल को वेल्डिंग कराकर सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए। ट्रांसफार्मरों के पास लगे बॉक्स को बदलने और केबलों को दुरुस्त करने का कार्य भी किया गया। जेई ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।