जालौन के इन क्षेत्रों में बढ़ रही जाम की समस्या,, सभासदों ने डीएम को भेजा शिकायती पत्र, की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के बाजार बैठगंज, सब्जी मंडी, पानी की टंकी और झंडा चौराहा क्षेत्र में बढ़ती जाम और अतिक्रमण की समस्या से परेशान नगर के लोगों और सभासदों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर निवासी शैलेश रूसिया समेत सभासद शीला देवी, इकरार राइन, रमाकांत प्रजापति, जयकरन दोहरे, शैलेंद्र दोहरे, दिलीप कुमार आदि डीएम राजेश पांडेय को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि नगर के बाजार बैठगंज, सब्जी मंडी, पानी की टंकी और झंडा चौराहा क्षेत्र में प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और ठेला-रेहड़ी दुकानदार द्वारा बीच मार्ग में ठेले ठिलिया खड़ी करने से रास्ते संकरे हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। अव्यवस्थित ठेलों के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। इससे आम जनता, व्यापारी और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जाम की स्थिति के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। एम्बुलेंस जैसे जरूरी वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पाता, जिससे गंभीर मरीजों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात को नियंत्रित करने की व्यवस्था नहीं है। देवनगर चौराहे से फुटकर सब्जी मंडी होते हुए नत्थू चौराहा तक, बस स्टैंड से झंडा चौराहा होते हुए छोटी माता मंदिर तक, कोतवाली रोड से कांजी हाउस चौराहा तक और झंडा चौराहा से छत्रसाल चौराहा तक अतिक्रमण की समस्या है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इन सभी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। झंडा चौराहा पर विशेष निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जाए। साथ ही ठेला-रेहड़ी संचालकों के लिए अलग से निर्धारित स्थान तय किया जाए, ताकि सड़कों वाहनों को निकलने में दिक्कत न हो। इसके अलावा कोतवाली और ट्रैफिक पुलिस की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।