रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में छत्तीसगढ़ से बहिन के यहां आए दंपत्ति ने शराब पार्टी की। शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में उनके बीच हाथापाई भी हो गई। इसी दौरान कथित तौर पर गिरने से भाई की पत्नी की मृत्यु हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुदरा करौंदी में चंद्रकली (55) रहती है। उनके पति राजाराम की कुछ साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उसके भाई सुशील कुशवाहा (48) व भाभी बबली (45) छत्तीसगढ़ के जिला मुगेली के थाना नोरमी क्षेत्र के बाजार पारा में रहते हैं। लगभग 10 दिन पूर्व सुशील अपनी पत्नी बबली के साथ बहिन के यहां आया था। ग्रामीणों की मानें तो चंद्रकली ने एक बैंक से लोन लिया था। जिसके बाद से आए दिन घर में शराब पार्टी हो रही थी। सोमवार की रात भी घर में शराब पार्टी हुई। जिसमें चंद्रकली समेत राजाराम व बबली ने भी शराब पी थी। शराब पार्टी के बाद रात करीब साढ़े 10 बजे उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। विवाद के बीच ही उनके बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान बबली की मौत हो गई। बबली की मौत की सूचना गांव के चौकीदार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल हरिशंकर चंद, एसआई रामकिशोर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस को बबली के पैर और कनपटी के ऊपर सिर में चोट का निशान मिला। पुलिस ने जब उसके पति से पूछतांछ की तो उसने बताया कि शराब पार्टी के बाद बबली अचानक से गिर गई। सिर में चोट लगने की वजह से उसकी मौत हुई है। पुलिस पति को कोतवाली में बैठाकर पूछतांछ कर रही है। इस बाबत सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि महिला की मौत हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





