प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा, जालौन में अनूठा नवाचार

“म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी – हमारी सांस्कृतिक धरोहर” बना बच्चों की सीखने की नई पाठशाला

रिपोर्ट बबलू सेंगर

UP news today । ग्रामीण परिवेश में स्थित प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी और अभिनव पहल करते हुए विद्यालय परिसर में “म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी – हमारी सांस्कृतिक धरोहर” की स्थापना की है। यह अनूठा प्रयास बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें देखकर, छूकर और अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान कर रहा है।

इस नवाचार का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, साथ ही उन्हें भारत एवं उत्तर प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है। यह पहल बच्चों को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारम्भिक स्तर से ही जागरूक एवं तैयार करने का भी कार्य कर रही है।

“हमाओ भारत – अपनो भारत” से देश की विविधता का परिचय

म्यूजियम के विशेष खंड “हमाओ भारत – अपनो भारत” में भारत के मानचित्र के माध्यम से सभी राज्यों की स्थिति, राजधानी, वेशभूषा, भाषा, प्रमुख नृत्य एवं अभिवादन शब्दों की जानकारी दी जाती है।

इसके साथ ही कथकली, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी जैसे भारतीय शास्त्रीय नृत्यों को पटचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है, जिससे बच्चे भारत की सांस्कृतिक विविधता को रोचक ढंग से समझते हैं।

“उत्तर प्रदेश एक नजर में” बना आकर्षण का केंद्र

म्यूजियम का सबसे आकर्षक भाग “उत्तर प्रदेश एक नजर में” है, जिसमें प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों की तस्वीरें एवं उनके साथ लगाए गए बारकोड (QR Code) बच्चों को डिजिटल माध्यम से विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

विशेष बात यह है कि विद्यालय में एक एआई रोबोट भी तैयार किया गया है, जो बच्चों को इन ऐतिहासिक स्थलों के बारे में सरल और रोचक भाषा में जानकारी देता है। इससे बच्चे इतिहास और संस्कृति को तकनीक के माध्यम से बड़े उत्साह से सीख रहे हैं।

म्यूजियम में प्रदर्शित प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में—
ताजमहल, लाल किला, फतेहपुर सीकरी का बुलंद दरवाजा, झांसी का किला, काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, प्रयागराज त्रिवेणी संगम, बड़ा इमामबाड़ा तथा जनपद जालौन के ऐतिहासिक स्थल कालपी की लंका और चौरासी गुंबद आदि शामिल हैं।भारतीय चित्रकला और लोककलाओं का जीवंत संसार

म्यूजियम में भारतीय चित्रकला पर आधारित विशेष कला दीर्घा भी बनाई गई है, जिसमें मधुबनी, वर्ली, लिप्पन, मंडाला, कलमकारी, पिचवई तथा बुंदेलखंड की प्रसिद्ध लोककला चितेरी से संबंधित कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।

इन कलाओं के माध्यम से बच्चे भारत की पारंपरिक कला एवं लोक संस्कृति से परिचित हो रहे हैं।

“पुरानी यादें” से जुड़ रही नई पीढ़ी

म्यूजियम के “पुरानी यादें” खंड में हल, खुर्पी, हंसिया, बैलगाड़ी आदि पारंपरिक कृषि उपकरणों के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इससे बच्चे ग्रामीण जीवन, पुरानी कृषि पद्धतियों और स्थानीय संस्कृति को समझ पा रहे हैं, जो आज धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं।

बच्चे बन रहे हैं “गाइड”

इस नवाचार की सबसे विशेष बात यह है कि बच्चे केवल दर्शक नहीं बल्कि सक्रिय सहभागी हैं। प्रत्येक सप्ताह एक बच्चे को “गाइड” बनाया जाता है, जो अन्य बच्चों एवं आगंतुकों को म्यूजियम की जानकारी देता है।

इस प्रक्रिया से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल और आत्मविश्वास का उल्लेखनीय विकास हो रहा है।

विद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा भी म्यूजियम देखने आते हैं, जिससे छोटे बच्चे प्रेरित होकर अपने भविष्य के प्रति सजग और जागरूक बन रहे हैं।

सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण

विद्यालय में माह में 1–2 बार गांव के बुजुर्गों को आमंत्रित किया जाता है, जो बच्चों को कहानियों के माध्यम से पुरानी सभ्यता, संस्कृति और जीवन शैली के बारे में बताते हैं। बच्चे इन सत्रों में अत्यंत उत्साह और रुचि के साथ भाग लेते हैं।

इस पहल से विद्यालय के प्रति अभिभावकों और ग्रामीणों का विश्वास बढ़ा है तथा सामुदायिक सहभागिता को भी नई दिशा मिली है।

विद्यालय को मिले अनेक सकारात्मक परिणाम

इस नवाचार से बच्चों की सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और स्थायी बनी है। रटने की बजाय अनुभव आधारित शिक्षा मिलने से बच्चों की समझ गहरी हुई है।

विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति में सुधार हुआ है तथा विद्यालय का वातावरण अधिक आकर्षक, रचनात्मक और प्रेरणादायी बना है।

संस्कृति के साथ संस्कारों का विकास

“म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी” केवल एक शैक्षिक पहल नहीं, बल्कि बच्चों में “विविधता में एकता”, “वसुधैव कुटुम्बकम” और “सर्वधर्म समभाव” जैसी भारतीय मूल्यों की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है।

प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा का यह अभिनव प्रयास आज ग्रामीण शिक्षा में एक प्रेरक मॉडल बनकर उभर रहा है।

उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105