रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के बाजार में सामान की खरीदारी करने आई महिला का बच्चा बाजार से गुम हो गया। महिला ने बच्चे के गुमशुदा होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मिशन शक्ति टीम ने बच्चे को बाजार में दूसरे स्थान से बरामद कर परिजनों को सौंपा है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गढ़र निवासी कुसुम देवी के भाई वीरपाल की शादी 18 जून को होनी थी। जिसके लिए सामान की खरीदारी करने के लिए कुसुम देवी अपने पिता होरीलाल व भाई सूरज के साथ नगर में स्थित बाजार में आई थी। बाजार में एक दुकान पर खरीदारी करते समय उनका चार बर्षीय बेटा नवल दुकान से बाहर निकल गया और लापता हो गया। महिला ने जब बच्चे को गायब देखा तो उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी बच्चे का कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद उन्होंने बच्चे के गुमशुदा होने की सूचना कोतवाली में दी। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी संजय यति ने महिला एसआई मधु देवी, महिला कांस्टेबल प्रकांक्षा व अंजली पाल को बच्चे की तलाश का कार्य सौंपा। लगभग दो घंटे में टीम ने बच्चे को बाजार के दूसरे हिस्से से बरामद कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने टीम ने परिजनों को बुलाकर बच्चा उनके सुपुर्द कर दिया। बच्चे को वापस पाकर महिला का चेहरा खिल उठा।
जालौन में गेस्ट हाउस के बाहर खड़ी बाइक चोरी
जालौन। गेस्ट हाउस के बाहर से बाइक चोरी होने की सूचना पीड़ित वाहन स्वामी ने कोतवाली में तहरीर देकर की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुर्खीबाल निवासी संकल्प सिंह ने पुलिस को बताया कि बीती पांच मई को वह चुर्खी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। गेस्ट हाउस के बाहर बाइक खड़ी कर वह अंदर खाना खाने के लिए चले गए। कुछ समय बाद जब वह बाहर आए तो उनकी बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कहीं पता नहीं चला। पीड़ित वाहन स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






