कोतवाली पहुंचा पति पत्नी के विवाद का मामला,, मिशन शक्ति टीम ने कराया समझौता

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today।जालौन में पति-पत्नी के विवाद का मामला कोतवाली पहुंचा। जहां मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों में सुलह समझौता करा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटीकान निवासी नाजिया ने पुलिस को बताया कि उसके पति अफजल उसके साथ मारपीट करते हैं। शनिवार की शाम भी उन्होंने उसके साथ मारपीट की। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी संजय यति सक्रिय हुए। पति अफजल को बुलाया। साथ ही नाजिया की जेठानी संजीदा भी कोतवाली पहुंची। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी व महिला कांस्टेबल शिवानी ने पहले दोनों पक्षों से अलग-अलग वार्ता की और बाद में संयुक्त रूप से बात की गई। इस दौरान पति अफजल ने अपनी बहन संजीदा की मौजूदगी में पत्नी नाजिया को आश्वस्त कि वह भविष्य में किसी प्रकार का विवाद नहीं करेगा। पति-पत्नी के रूप में आपसी सहयोग एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पारिवारिक जीवन व्यतीत करेगा। जिससे दोनों पक्ष संतुष्ट दिखे।

जालौन में न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, यह है आरोप

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में चार माह पूर्व चार लोगों ने हाथ में तमंचा, लाठी डंडे लेकर घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट करने और बचाने गई मां को तमंचा दिखाकर उसकी जंजीर छीन ले जाने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेखी निवासी सुनीता तिवारी ने न्यायालय को बताया था कि बीती 18 फरवरी 2026 को शाम करीब छह बजे वह अपने घर पर थी। तभी उनका बेटा सूर्यप्रताप खेतों से वापस घर आया। उसके पीछे गांव के गोपालजी, पारसनाथ, गोविंद नरायण व सत्यनारायण जबरन घर के अंदर घुस आए। गोपालजी हाथ में तमंचा लिए थे, पारसनाथ लोहे की रॉड और सत्यनरायण व गोविंद नरायण लाठी लिए थे। सभी लोग मिलकर उनके बेटे सूर्यप्रताप को पकड़कर गाली गलौज करते हुए उसे मारने के उद्देश्य से लाठियों व लोहे की रॉड से हमला करने लगे। बेटे को पिटता देख जब वह चिल्लाते हुए बेटे को बचाने गई तो उन्होंने तमंचा दिखाकर गले से सोने की जंजीर तोड़ ली और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की लेकिन पुलिस ने न तो शिकायत दर्ज की और न ही घायल पुत्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। वहीं, न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चारों व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संदर्भ में कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।