उरई के अजनारी फ्लाईओवर पर दर्दनाक सड़क हादसा दो की मौत तीन गंभीर घायल

Orai / jalaun news today । कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10.30 बजे उरई कोतवाली क्षेत्र के अजनारी फ्लाईओवर के पास हुआ जब झांसी की ओर से आ रही एक सुजुकी बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गाड़ी संख्या डीडी 01 ए 7805 गुजरात से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। कार में सवार सभी लोग गुजरात के दादर नगर हवेली क्षेत्र में निवास करते थे और अपने गृह जनपद आजमगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वाहन अजनारी फ्लाईओवर के पास पहुंचा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार तेज गति से डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में अखिलेश पुत्र रामचंद्र विश्वकर्मा तथा ब्रजराज पुत्र कन्हैया यादव निवासी जनपद आजमगढ़ हाल निवासी दादर नगर हवेली (गुजरात) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं कार में सवार अभय,अनुराग तथा जीरा अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर उरई कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग उरई के लिए रवाना हो गए।