
UP News Today । उत्तर प्रदेश में 2023 में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में चयनित हुये अभ्यर्थियों में से पास हुए कुछ ने फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे से नौकरी हासिल की थी। इस बात की जानकारी तब हुई जब शिकायत के आधार पर जांच कराई तो यह सही पाया गया। पुलिस ने फर्जी सर्टिफिकेट के सहारे नौकरी पाए इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की क्राइम ब्रांच द्वारा जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी के अनुसार मिर्जापुर की खुशबू गुप्ता, अभिषेक पांडेय, शुभम दुबे, रविशंकर, प्रदीप कुमार, अजय कुमार आकाश मिश्रा और दिव्यांशु यादव ने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में “स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी के आश्रित होने के फर्जी प्रमाणपत्र” का इस्तेमाल करके नौकरी हासिल की. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये सभी आजकल प्रतापगढ़ में पोस्टिड थे. एक शिकायत पर हुई जांच में खुलासा हुआ और प्रतापगढ़ में सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है.
प्रतापगढ़ पुलिस ने जारी किया बयान

नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2023 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे के अंतर्गत चयनित होकर जनपद प्रतापगढ़ में नियुक्त 08 रि0 आरक्षियों के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्रों की जांच कराई गई। जांच के दौरान संबंधित जनपदों/कार्यालयों से प्राप्त आख्या में उक्त प्रमाण पत्रों का निर्गत न होना प्रकाश में आया, जिससे प्रथम दृष्टया कूटरचित एवं फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया में लाभ प्राप्त कर नियुक्ति प्राप्त करने का तथ्य सामने आया। उक्त प्रकरण के संबंध में दिनांक 05.06.2026 को थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 320/2026 धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस बनाम 08 रि0 आरक्षियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की विवेचना क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है तथा विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित है।







