आधार कार्ड में गलत नाम अंकित ,सही कराने के लिए अधिकारियों से गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । आधार कार्ड में तहसील का नाम गलत अंकित होने की समस्या को लेकर नगरवासी ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि डाकघर एवं अन्य आधार नामांकन केंद्रों के माध्यम से नगर में आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। जालौन नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बनाए जा रहे आधार कार्डों में तहसील जालौन के स्थान पर माधौगढ़ अंकित होकर आ रहा है, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्डों में यह त्रुटि लगातार आ रही है। आशंका जताई कि यह समस्या संबंधित सॉफ्टवेयर या डेटा प्रणाली में गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हो रही है। इसके चलते अब तक बड़ी संख्या में नागरिकों के आधार कार्ड प्रभावित हो चुके हैं। आधार कार्ड में तहसील का नाम गलत होने से पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, यूडीआईडी कार्ड, बैंकिंग कार्यों तथा अन्य दस्तावेजों के सत्यापन में दिक्कतें आ सकती हैं। कई बार दस्तावेजों में दर्ज पते और आधार कार्ड की जानकारी में अंतर होने के कारण सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित होती है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि संबंधित विभाग के माध्यम से इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर सॉफ्टवेयर में मौजूद त्रुटि को दूर कराया जाए, ताकि आधार कार्ड में तहसील जालौन का नाम सही रूप से दर्ज हो सके। साथ ही जिन लोगों के आधार कार्ड में पहले से यह गलती हो चुकी है, उनके अभिलेखों का भी शीघ्र संशोधन कराया जाए।