रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने नगर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
कोतवाल हरिशंकर चंद के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के विभिन्न मार्गों, झंडा चौराहा, छत्रसाल रोड, तकिया, छड़ और ताजिया जुलूस मार्गों पर पैदल गश्त किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया गया और मार्गों पर मौजूद लोगों से संवाद भी किया गया। कोतवाल ने लोगों से कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और ऐसी कोई सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की भी अपील की और चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गश्त के दौरान पुलिस ने जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नगर में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। इस मौके पर चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, एसआई अमर सिंह, अटल बिहारी, राजेश वशिष्ठ आदि रहे।







