रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लहचूरा के मजरा कोरीपुरा में खेत में लगी आग से किसान को नुकसान उठाना पड़ा। आग की चपेट में आने से खेत में सिंचाई के लिए रखे गए करीब 40 पाइप जलकर राख हो गए। घटना के बाद किसान ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कोरीपुरा निवासी किसान नरेंद्र पाल सिंह के खेत में सिंचाई के लिए पाइप रखे हुए थे। आरोप है कि पास के एक खेत में पराली और खेत की सफाई के लिए आग लगाई गई थी। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग फैलते हुए नरेंद्र पाल सिंह के खेत तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने खेत में रखे पाइपों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को अन्य खेतों तक फैलने से रोका जा सका। किसान नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आग से उनके सिंचाई कार्य में उपयोग होने वाले लगभग 40 पाइप पूरी तरह जल गए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।







