जालौन नगर के नवागन्तुक क्षेत्रीय वनाधिकारी ने सम्भाला पदभार,, ये होंगी प्राथमिकताये

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर में नवागंतुक क्षेत्रीय वन अधिकारी कोमल सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर कहा कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पौधरोपण कराना ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके रखरखाव को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध करें। इसके लिए विभाग नियमित निगरानी करेगा और जनसहभागिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों को पौधों और वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने की भी बात कही। कहा कि वन क्षेत्रों में अवैध कटान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभागीय टीमों को सक्रिय रखा जाएगा और नियमित गश्त भी कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध कटान, वन भूमि पर अतिक्रमण या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।