जालौन में सालाना उर्स के अवसर पर आयोजित हुआ जलसा,,उलेमाओं ने की ये अपील

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन के मोहल्ला रापटगंज स्थित बर वाले बाबा के आस्ताने पर सालाना उर्स के अवसर पर दीनी जलसे का आयोजन किया गया। जलसे में उलेमाओं ने इंसानियत, आपसी भाईचारे, नेक रास्ते पर चलने की अपील की।
सालाना जलसे में जनपद उन्नाव के गंज मुरादाबाद शरीफ से आए पीर-ए-तरीकत हजरत गुलाम रब्बानी मियां ने कहा कि इंसान को हमेशा नेक लोगों की संगत करनी चाहिए और अल्लाह वालों के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों की संगत इंसान के जीवन को बेहतर बनाती है और उसे दुनिया व आखिरत दोनों में कामयाबी दिलाती है। मौलाना खालिद रहमानी ने कहा कि कर्बला का संदेश सत्य, न्याय और अत्याचार के विरोध का संदेश है। हर परिस्थिति में सच्चाई का साथ देना चाहिए और अन्याय के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। इतिहास हमेशा सच और न्याय के मार्ग पर चलने वालों को याद रखता है। अजीतापुर से आए मौलाना मुस्लिम ने कहा कि औलिया-ए-किराम ने पूरी जिंदगी इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में अमन और सौहार्द कायम रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अच्छे आचरण और धार्मिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। अंत में देश में अमन, सुकून और भाइचारे के लिए दुआ मांगी गई। सलाम के बाद महफिल का समापन हुआ। इस दौरान हाफिज खान मोहम्मद ने मनकबत पेश की। जलसे में मौलाना नईमुद्दीन रहमानी, हाफिज मकबूल, शायर दिलशाद, हाफिज जाहिद आदि रहे।